
बिहार (Bihar) के समस्तीपुर (Samastipur) में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहाँ गिट्टी से लदा ट्रक पलटने के बाद उसके नीचे दबकर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दलसिंह सराय के विद्यापति नगर रोड पर सरदार गंज के पास गुरुवार की दोपहर ओवरलोड गिट्टी लदा एक ट्रक पलट गया। बताया जा रहा है कि ओवरलोडिंग के कारण ट्रक का स्पेंसन टूट गया जिसके बाद ट्रक सड़क पर पलट गया। इस दौरान पास से गुजर रहे बाईक सवार चाचा-भतीजा की ट्रक और गिट्टी के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के समसीपुर वार्ड तीन निवासी पोचो राय (50) और विशो राय के पुत्र गोपाल राय के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने चार जेसीबी की सहायता से दोनों के शव को बाहर निकाला। चार जेसीबी होने के बावजूद शव निकालने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। घटना के बाद मृतक के आक्रोशित परिजनों ने शव को ठेले पर रखकर एनएच-28 पर सड़क जाम कर दिया।























