आज देश को गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात देंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुबह 11 बजे करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात देने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे. इस एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज की दूरी को 5 से 6 घंटे में तय किया जा सकेगा और साथ ही इसमें देश का पहला ट्रॉमा सेंटर भी होगा. बुधवार यानि आज सुबह 11 बजे हरदोई पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस 594 किलोमीटर लंबे और 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए इस गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे. हरदोई के मल्लावां में आयोजित यह समारोह होगा. आपको बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे(Ganga Expressway) न केवल प्रदेश के 519 गांवों और 12 जिलों को आपस में जोड़ने का काम करेगा बल्कि 12 औद्योगिक इकाईयों (Integrated manufacturing and logistic clusters) के माध्यम से  यूपी की अर्थव्यवस्था मे मील का पत्थर साबित होगा.

आपको बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे को आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है. इसमें कैमरों से निगरानी, आपातकालीन सेवाएं, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के साथ एयरस्ट्रिप जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी. शाहजहांपुर में 3.5 किमी बने इस लंबे रनवे पर आपातकालीन स्थिति में लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकेंगे. इसे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में भी विकसित किया जा रहा है, जिससे यह जनता को रोजगार के अनेक अवसर भी मुहैया कराएगा. इसके किनारे 12 औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित करने की योजना है, जिनके लिए अब तक लगभग 47,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं.