
राजधानी दिल्ली (Capital Delhi) में यमुना नदी (Yamuna River) का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। ऐसे में अपने घरों को लौट रहे लोग फिर से कैंपों में जाने को मजबूर हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित लोग सिग्नेचर ब्रिज के पास राहत शिविर में शरण ले रहे हैं।
केंद्रीय जल आयोग (CWC) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम छह बजे यमुना का जलस्तर 205.34 मीटर तक पहुंच गया और रात 11 बजे तक इसके 205.45 मीटर तक पहुंचने का अनुमान है। रात 10 बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 205.48 मीटर दर्ज किया गया। इससे बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के प्रयासों में देरी हुई।























