
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा (Agra) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहाँ एक मासूम बच्चे की अपने पहले जन्मदिन पर दर्दनाक मौत हो गई। खेलते-खेलते बच्चा अचानक उबलती सब्जियों के पैन में गिर गया। बच्चे के चिल्लाने पर परिजन दौड़ पड़े। उसे उबलती सब्जी से बाहर निकाला। आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल (hospital) ले जाया गया। लेकिन डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे के जन्मदिन की खुशी अब मातम में बदल गई हैं।
आपको बता दें कि यह दिल दहला देने वाली घटना आगरा के कागारौल कस्बे की है। कस्बे निवासी विनोद की पत्नी ने एक वर्ष पूर्व जुड़वाँ बच्चों (एक बेटा और बेटी) को जन्म दिया था। बेटे का नाम वंश और बेटी का नाम वंशिका रखा था। सोमवार यानी 9 मई को दोनों बच्चों का पहला जन्मदिन था। घर में पूजा का कार्यक्रम रखा गया था। रिश्तेदारों को बुलाया गया। मेहमानों के लिए दावत का इंतज़ाम किया गया था। इसी बीच जब हलवाई एक बड़े बर्तन में सब्जी बना रहा था। तभी बच्चा वंश वहाँ पहुँचा और भट्टी की तेज आंच में उबल रही सब्जी में गिर गया।