दक्षिण अफ्रीका के नाइट क्लब में पार्टी करने गए 22 युवाओं की मौत

रविवार को दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के दक्षिणी शहर ईस्ट लंदन (East London) दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक नाइट क्लब (Nightclub) में कम से कम 22 युवा मृत पाए गए। इसकी जानकारी पुलिस ने दी। जानकारी के मुताबिक, नाइट क्लब में युवाओं के मृत शरीर के अलावा कई लोग घायल भी मिले हैं। इस घटना के बाद आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। मारे गए लोगों में अधिकतर 18 से 20 साल की उम्र के हैं।

नाइट कल्ब में शव ऐसे पड़े थे जैसे वो एकदम से जमीन पर गिर पड़े हों। इसके अलावा, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि, शवों का जल्द से जल्द पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है जिससे इस मौत का असल कारण सामने आ सके। देश के गृह मंत्री भेकी केले ने घटना पर बात करते हुए कहा कि, इस पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है। इतनी संख्या में युवा वर्ग के लोगों की एक साथ अचानक मौत हो गई।