बिहार के पूर्व राज्यपाल एम रामा जोइस का निधन

बिहार के पूर्व राज्यपाल (Former Governor of Bihar) एम रामा जोइस का निधन हो गया है (Death of M. Rama Jois)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। वहीं उनके सम्मान में बिहार सरकार ने आज एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की है।

नीतीश कुमार ने पूर्व राज्यपाल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और विधि एवं न्याय के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी हानि हुई है। मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य रखने के लिए भी कहा।

एम रामा जोइस बिहार के अलावा झारखंड के भी राज्यपाल रह चुके हैं। वे राज्यसभा के पूर्व सदस्य थे। यही नहीं वे पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं। वे अंग्रेजी और कन्नड़ दोनों भाषाओं के विद्वान थे। उन्होंने कानून के क्षेत्र में कई किताबें भी लिखीं। इंदिरा गांधी के समय देश में लगे आपातकाल के दौरान वे जेल भी गए।