मुंबई की बारिश ने एक बार फिर अपना रंग दिखा दिया। मंगलवार को हुई भारी बारिश की वजह मुंबई का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रेलवे स्टेशन लेकर सड़कों तक, लोगों और शहर की रफ्तार पर लगाम लग गई। कई सबअर्बन ट्रेनों के संचालन में देरी के साथ-साथ सड़कों पर यातायात में भी समस्या आई। कई जगहों पर दीवारें तक गिर गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने वाली चार फ्लाइट्स के पायलेट को लैंडिंग के लिए दोबारा प्रयास करने के लिए कहा गया। मौसम इतना खराब था कि एक बार में सेफ लैंडिंग की गुंजाइश नहीं थी। थाने आपदा प्रबंधन सेल ने शाम को पांच बजे के आसपास हाई टाइड की चेतावनी देते हुए लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है। तेज बारिश की वजह से मुंबई में सेंट्रल रेलवे की ट्रेनें आधे घंटे की देरी से चल रही हैं और वेस्टर्न रेलवे की ट्रेनें 15-20 मिनट की देरी से चल रही हैं।