
आज यानी 19 मई 2023 को शुक्रवार के दिन वट सावित्री व्रत (Vat Savitri Vrat) रखा जा रहा है। वट सावित्री का यह व्रत ज्येष्ठ मास की अमावस्या को रखा जाता है। वट सावित्री व्रत के दिन सुहागिन महिलाएँ अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन व्रत रखकर सुहागिन महिलाएँ विधि-विधान से बरगद के पेड़ की पूजा करती हैं। वट वृक्ष की पूजा लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है और सभी प्रकार के कलह का भी नाश होता है।
कहा जाता है कि बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर सावित्री ने अपने पति सत्यवान को जीवित कर दिया था। इस दिन सावित्री अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाई थी। इसलिए इस दिन सुहागिन महिलाएँ पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। इस व्रत में महिलाएं सावित्री की तरह अपने पति की लंबी उम्र के लिए तीनों देवताओं से प्रार्थना करती हैं, ताकि उनके पति को अच्छा स्वास्थ्य और दीर्घायु मिल सके।