राजधानी में 2 शिफ्टों में चलेगी मेट्रो

देेश में मेट्रो (Metro) सेवाएं फिर से शुरू हो रही हैं। अनलॉक-4 (Unlock-4) के तहत देश में मेट्रो की सेवा 7 सितंबर 2020 से शुरू हो रही है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देशभर में 7 सितम्बर से चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। इस दौरान लोगों को कोरोना से बचाव के लिए दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने जैसे नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने बताया कि 12 सितम्बर से मेट्रो का सामान्य संचालन शुरू हो जाएगा। कोविड–19 कंटेनमेंट जोन में स्थित मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। मंत्रालय के अनुसार जिन स्टेशनों पर लोग शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करते नहीं पाए गए‚ वहाँ ट्रेनें नहीं रुकेंगी। मेट्रो (Metro) में यात्रा करते समय मास्क पहनना अनिवार्य होगा। पहले चरण में दिल्ली मेट्रो दो पालियों में सुबह 7 से 11 तक और दोपहर बाद 4 बजे से रात 8 बजे तक चलेंगी। दूसरे चरण में  सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम चार से रात 10 बजे तक चलेंगी। 12 सितम्बर से सामान्य संचालन शुरू हो जाएगा।