
शराब माफिया ने उत्तर प्रदेश के कासगंज में (Kasganj of UP) एक सिपाही की हत्या कर दी है (Liquor Mafia killed Police constable)। मृतक सिपाही और पुलिस दारोगा शराब माफिया के घर सरकारी नोटिस देने गए थे, जहां पर उन दोनों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद सिपाही को मार दिया गया, जबकि दारोगा गंभीर रुप से घायल हैं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक आरोपी मारा गया। बाकी आरोपी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस दारोगा अशोक कुमार सिंह और सिपाही देवेंद्र कुमार शराब माफिया मोतीराम को कुर्की का सरकारी नोटिस देने गए थे। मोतीराम ने दोनों पुलिसकर्मियों को पहले तो बंधक बना लिया, इसके बाद सिपाही की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई तथा दारोगा को भी भाला मार कर बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बंधे हुए मिले। दारोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही मृतक सिपाही देवेंद्र कुमार के परिजनों को 50 लाख रूपए की आर्थिक सहायता और उनके घर के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है।