दिल्ली के तिहाड़ जेल में गैंगस्टर प्रिंस तेवतिया की हत्या

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस गैंग (Gangster Lawrence Gang) से जुड़े बदमाश प्रिंस तेवतिया (Prince Tewatia) की शुक्रवार को दिल्ली (Delhi) के तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में हत्या कर दी गई। 2010 से वह लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के 16 मामले दर्ज थे। तेवतिया को दिल्ली क्राइम ब्रांच (Delhi Crime Branch) ने गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था।

तिहाड़ की जेल नंबर 3 में शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर हुई गैंगवार में तेवतिया को कुछ बदमाशों ने चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल तेवतिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस गैंगवार में तीन अन्य कैदी भी घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक तेवतिया ने पहले अब्दुर रहमान नामक कैदी पर हमला किया, जिसके बाद रहमान और तेवतिया के साथियों के बीच झड़प हो गई।

आपको बता दें कि तेवतिया के खिलाफ 2008 में झगड़े का पहला मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद उसने अपराध की दुनिया का चेहरा बनने का फैसला किया। दरअसल, प्रिंस तेवतिया के पिता को किसी लड़के ने थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद प्रिंस ने लड़के की हत्या कर दी। दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके (Ambedkar Nagar Locality) में हुई इस हत्याकांड में पुलिस ने 2010 में उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद प्रिंस ने खुद को नाबालिग साबित करने के लिए फर्जी दस्तावेज पेश किए थे। कोर्ट के आदेश पर साकेत थाने में जालसाजी का मामला भी दर्ज किया गया था।