
असम (Assam) में बाढ़ विकराल रूप लेती जा रही है। कल असम में 8 और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही बाढ़ (Flooding) से मरने वालों की संख्या 59 हो गई है। असम राज्य के 33 जिलों में से 28 बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। नदियों के उफान में आने से राज्य की बड़ी आबादी प्रभावित हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से राज्य में करीब 33 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अधिकारियों का कहना है कि पिछले चार सप्ताह से राज्य में बाढ़ का गंभीर संकट बन गया है। पिछले चार सप्ताह में बिश्वनाथ, तिनसुकिया, लखीमपुर, बोंगाइगांव, कामरूप, गोलाघाट, सिवसागर, मोरीगांव एवं अन्य जिलों में अब तक 59 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 22 मई से अब तक 26 अन्य की मौत भूस्खलन की घटनाओं में हुई है।