
ऊर्जा संरक्षण अधिनियम (Energy Conservation), 2001 में संशोधन के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह (RK Singh) ने आज राज्यसभा में ‘ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) बिल, 2022′ (Energy Conservation (Amendment) Bill, 2022) पेश करेंगे। आपको बता दें कि लोकसभा इस बिल को पहले ही पास कर चुकी है। वहीं, ‘संविधान (एससी और एसटी) आदेश (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2022’ भी पेश किया जाएगा।
आपको बता दें कि बिल कार्बन बचत प्रमाणपत्र जारी कर स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने जैसे बदलाव लाने के लिए ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 में संशोधन का प्रस्ताव करता है। जिसे अंतिम बार वर्ष 2010 में संशोधित किया गया था। वहीं जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 और संविधान (अनुसूचित जनजाति) (यूपी) आदेश, 1967 में संशोधन करने के लिए राज्यसभा में ‘संविधान (एससी और एसटी) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022’ पेश करेंगे। लोकसभा पहले ही विधेयक पारित कर चुकी है।
गौरतलब है कि सरकार ने 28 मार्च को लोकसभा में उत्तर प्रदेश से संबंधित ‘संविधान (अनुसूचित जातियां और अनुसूचित जनजातियां) आदेश (दूसरा संशोधन) बिल, 2022’ पेश किया था। बिल में संविधान (अनुसूचित जातियां) आदेश, 1950 और संविधान (अनुसूचित जनजातियां) उत्तर प्रदेश आदेश, 1967 में संशोधन का प्रस्ताव है।