महाराष्ट्र के रायगढ़ में खाई में गिरी बस, 13 की मौत

महाराष्ट्र (Maharashtra) के रायगढ़ (Raigad) के खोपोली इलाके (Khopoli area) में शुक्रवार रात एक बस 700 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 40 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से अब-तक 25 लोगों को रस्सी के सहारे रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें से कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा खंडाला और खोपोली के बीच पुराने नेशनल हाईवे पर शिंगरोबा घाट से उतरते समय हुआ। फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। बस पुणे से मुंबई जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक हादसे की खबर मिलते ही बोर घाट पुलिस, खोपोली पुलिस और स्थानीय लोग मदद के लिए आए। सभी घायलों को इलाज के लिए खोपोली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में सवार यात्री गोरेगांव क्षेत्र के एक संगठन के थे, सभी पूणे में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वही से वापस लौट रहे थे।