विकास दुबे का एक और मददगार गिरफ्तार

उत्तर-प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) देहात से बिकरू कांड (bikru scandal) के कुख्यात आरोपी विकास दुबे (Vikas Dubey) और उसके आरोपी साथियों को पनाह देने वाले एक और शख्स को कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मददगार आरोपी अर्पित तिवारी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तिवारी ने बिकरू काण्ड के मुख्य आरोपी और उसके साथियों को घटना के बाद अपने खेत में ट्यूबवेल पर बने कमरे में पनाह दी थी। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

आपको बता दें कि 2 जुलाई 2020 को विकास दुबे ने उसके गाँव बिकरू में साथियों के साथ मिलकर दबिश देने गई पुलिस की घेराबंदी कर सीओ (CO) सहित 8 पुलिस वालों को मार डाला था। हत्या करने के बाद विकास दुबे, उसके भतीजे अमर दुबे, प्रभात, मिश्रा और अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे। तब वे भागकर जिले के ही मंगलपुर थाना क्षेत्र के करिया झाला गाँव में रहने वाले अर्पित तिवारी के घर पहुँचे थे। यहाँ से अर्पित ने सभी को अपने खेत में ट्यूबवेल पर बने कमरे में ठहराया था। अर्पित ने उनके खाने पीने से लेकर सोने तक का प्रबंध किया था।