
बॉलीवुड के खिलाडी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) हर साल कई फिल्मों को बड़े परदे पर लेकर आते हैं। हालांकि इस साल अक्षय की एक ही फिल्म ‘लक्ष्मी’ (Lakshmi) अभी तक प्रदर्शित हुई है। साल 2020 में अक्षय की कई फिल्में प्रदर्शन को तैयार थीं, लेकिन कोरोना महामारी के चलते ऐसा हो नहीं पाया। अक्षय फिलहाल अपनी फिल्म ‘पृथ्वीराज’ (Prithviraj) की शूटिंग पूरा करने में व्यस्त हैं। इस बीच उन्होंने हाल ही में दिवाली के दिन अपनी अगली फिल्म ‘राम सेतु’ की घोषणा की। अक्षय कुमार ने अब फैसला किया है कि उनकी यह फिल्म साल 2022 की दिवाली पर प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने इसकी तारीख निश्चित कर ली है।
यह फिल्म एक ऐसा पुल बनाकर सभी भारतीयों की चेतना में भगवान राम के आदर्शों को जीवित रखने के बारे में है, जो आने वाली पीढ़ियों को जोड़ेगा। यह कथित तौर पर एक ऐसे आदमी की यात्रा है, जो यह जानने की कोशिश कर रहा है कि राम सेतु एक मिथ है या नहीं। सूत्रों के मुताबिक,अक्षय कुमार ने राम सेतु के लिए दिवाली 2022 वीकेंड बुक किया है। इसके लिए अक्षय साल 2021 के बीच में शूटिंग शुरू करने वाले हैं। फिल्म का अधिकांश हिस्सा भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या पर शूट किया जाएगा। अक्षय ने कुछ दिनों पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से, इस फिल्म की शूटिंग अयोध्या में करने के लिए अनुमति मांगी थी। अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बन रही ‘राम सेतु’ का पहला पोस्टर और ऐलान अक्षय ने दिवाली के मौके पर किया था। अक्षय ने ट्वीट कर लिखा था, ‘इस दीपावली, भारत राष्ट्र के आदर्श और महानायक भगवान श्री राम की पुण्य स्मृतियों को युगों- युगों तक भारत की चेतना में सुरक्षित रखने के लिए एक ऐसा सेतु बनाएं जो आने वाले पीढ़ियों को राम से जोड़ कर रखे। इसी प्रयास में हमारा भी एक छोटा सा संकल्प है – राम सेतु। आप सबको दीपावली की शुभ कामनाएं।’