साउथ एशियन गेम्स में में भारत No.1

south-asian-games-12

सैग खेलों के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती, तैराकी और भारोत्तोलन में अपना क्षेत्रीय दबदबा दिखाते हुए स्वर्ण पदकों का लगभग क्लीन स्वीप किया।भारत पहले दिन 14 स्वर्ण और पांच रजत सहित कुल 19 पदक जीतकर शीर्ष पर चल रहा है। श्रीलंका ने कुल 21 पदक जीते हैं लेकिन वह सिर्फ चार स्वर्ण पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है।

भारत के लिए दिन के स्टार पहलवान रहे जिन्होंने पांच स्वर्ण पदक जीते जबकि तैराकों ने चार स्वर्ण और तीन रजत पर कब्जा जमाया। सुबह साइकिलिंग में दो स्वर्ण और इतने ही रजत के साथ भारत ने खाता खोला जिसके बाद भारोत्तोलकों ने भी तीन स्वर्ण पदक मेजबान देश की झोली में डाले। कुश्ती में भारत ने महिला वर्ग में तीन जबकि पुरूष वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते।

रजनीश और रविंदर ने क्रमश: पुरुष 65 किग्रा और 57 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। महिला कुश्ती में प्रियंका सिंह ने 48 किग्रा, मनीषा ने 60 किग्रा और अर्चना तोमर ने 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।भारत ने तैराकी स्पर्धा के पहले दिन श्रीलंका की कड़ी चुनौती से उबरते हुए तीन नये रिकार्ड के साथ चार स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते।

संदीप सेजवाल (पुरुष 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक) और शिवानी कटारिया (महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल) के अलावा महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने भी खेलों का नया रिकार्ड बनाया। दामिनी गौड़ा ने महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में भारत के लिए दिन का चौथा स्वर्ण पदक जीता।

सेजवाल ने अपनी पसंदीदा स्पर्धा को दो मिनट 20.66 सेकेंड में जीतकर दो मिनट 21.03 सेकेंड के अपने ही रिकार्ड में सुधार किया। महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल में शिवानी ने सुबह हीट में दो मिनट 12.13 सेकेंड के समय के साथ नया रिकार्ड बनाया और फिर शाम को दो मिनट 8.68 सेकेंड के समय के साथ इसमें सुधार करते हुए स्वर्ण पदक जीता। दामिनी ने महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में एक मिनट 4.92 सेकेंड के साथ भारत को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया जबकि महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने चार मिनट 1.95 सेकेंड के नये रिकार्ड के साथ सोने का तमगा जीता।