
आचार्य बृहस्पति देवताओं के गुरु माने जाते हैं। बृहस्पति स्मृति में 3 ऐसे दानों के बारे में बताया गया है, जिन्हें महादान कहा जाता है। इन 3 चीजों का दान करने से मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं और उसे अपने सभी कामों में सफलता जरुर मिलती है।
श्लोक-
त्रीणयाहुरतिदानानि गावः पृथ्वी सरस्वती।
तारयन्ति हि दातारं सर्वपापादसंशयम्।।
गोदान (गाय का दान)
गाय को हिंदू धर्म में बहुत ही पवित्र माना जाता है। शास्त्रों में गाय की पूजा और उसका दान करने की बात कही गई है। गाय का दान करने से मनुष्य की अपार पुण्य की प्राप्ति होती है। गाय दान करने से जाने-अनजाने में हुए पापों से भी मुक्ति मिल जाती है। साथ ही मनुष्य को स्वर्ग की प्राप्ति होती है।
भूदान (भूमि का दान)
भूदान को महादान कहा जाता है। किसी भी जरूरतमंद या मंदिर आदि जैसे पवित्र काम के लिए भूमि का दान करने पर मनुष्य को शुभ फल प्राप्त होता है। भूमिदान करने वाले व्यक्ति के परिवार में किसी को भी घर या रहने की जगह संबंधी परेशानी नहीं होती।
विद्यादान (विद्या का दान)
कई बार मनुष्य किसी और वस्तु का दान करने में असर्मथ होता है, ऐसे में विद्या का दान करना सबसे अच्छा माना जाता है। लोगो को ज्ञान, धर्म और विद्या की बातें बताने से मनुष्य पर कभी किसी तरह की आपत्ति नहीं आती और ऐसे मनुष्य पर हमेशा ही भगवान की कृपा बनी रहती है।