सेनेगल के महान फुटबॉल खिलाड़ी पापा बाउबा डिओप का निधन

फुटबॉल की दुनिया अभी अर्जेंटीना (Argentina) के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी (Legendary football player) डिएगो मैराडोना (Diego Maradona) के निधन के शोक से उबरी भी नहीं थी कि अब एक और फुटबॉल खिलाड़ी के मरने की खबर आ रही है। अब सेनेगल (Senegal) के एक महान फुटबॉल खिलाड़ी पापा बाउबा डिओप (Papa Bouba Diop) का निधन हो गया है। उनकी उम्र 42 वर्ष की थी। फीफा (FIFA) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया है। डिओप ने अपने देश के लिए 63 मैच खेले थे और उन्हें फुटबॉल विश्व कप 2002 में बड़े उलटफेर के लिए हमेशा याद किया जाता है। उन्होंने इस फीफा विश्व कप में टीम के पहले मैच में फ्रांस के खिलाफ गोल कर अपनी टीम को 1-0 की ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।

फीफा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सेनेगल के महान खिलाड़ी पापा बाउबा डिओप के निधन की खबर सुनकर दुखी हैं। एक बार विश्व कप में बना हीरो हमेशा हीरो रहता है।’

उन्होंने कहा, ‘भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’ सेनेगल के राष्ट्रपति मैक्की साल ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘पापा बाउबा डिओप के निधन से सेनेगल को एक बहुत बड़ी क्षति पहुँची है।’