
पिछले महीने ही देश में दो ग्रहण देखने को मिले थे। सबसे पहले महीने की शुरुआत में 5 जून को चंद्र ग्रहण और फिर उसके बाद 21 जून को सूर्य ग्रहण लगा था। इसके बाद अब एक बार फिर कल चंद्र ग्रहण लगने वाला है। आपको बता दें कि 5 जुलाई को गुरु पूर्णिमा भी है और इसी दिन चंद्र ग्रहण भी लगने वाला है। जानकारी के मुताबिक कल लगने वाला ग्रहण, उपछाया चंद्र ग्रहण (Penumbral Lunar Eclipse) होगा और यह भारत में नहीं दिखाई देगा। यह ग्रहण साल का तीसरा चंद्र ग्रहण होगा और इसके बाद आखिरी चंद्र ग्रहण 30 नंवबर को लगेगा। कल लगने वाला उपछाया चंद्र ग्रहण सुबह 8 बजकर 37 मिनट पर शुरू होगा जो 11 बजकर 22 मिनट पर समाप्त हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक यह ग्रहण अमेरिका, दक्षिण-पश्चिम यूरोप और अफ्रीका के कुछ हिस्से में दिखाई देगा।