
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के कुनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में एक और चीते की मौत हो गई है। पिछले 10 दिनों से लापता मादा चीता धात्री का शव पार्क अधिकारियों को बुधवार को मिला है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक असीम श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। इसके लिए धात्री के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कुनो नेशनल पार्क में 26 मार्च को पहली बार चीते की मौत हुई थी। तब से अब तक 9 चीतों की मौत हो चुकी है, जिनमें कुनो में ही जन्मे चार में से 3 चीता शावक भी शामिल हैं। अब कुनो नेशनल पार्क में 15 चीते मौजूद हैं। इनमें 7 नर, 7 मादा और एक शावक है।























