
देश के पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ (Assam Floods) से हाहाकार मचा हुआ है। राज्य के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। जानकारी के मुताबिक, बाढ़ से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब 5 लाख (5 lakh) लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक गुरुवार, 22 जून को बाढ़ प्रभावित तामुलपुर जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार, 23 जून को नलबाड़ी जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक असम के बजाली, बक्सा, बारपेटा, बिश्वनाथ, बोंगाईगांव, चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, कामरूप, कोकराझार, लखीमपुर, माजुली, नागांव, नलबाड़ी और सोनितपुर (Bajali, Baksa, Barpeta, Biswanath, Bongaigaon, Chirang, Darrang, Dhemaji, Dhubri, Dibrugarh, Golaghat, Hojai, Kamrup, Kokrajhar, Lakhimpur, Majuli, Nagaon, Nalbari and Sonitpur) जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ की वजह से ब्रह्मपुत्र, मानस और पुथिमारी (Brahmaputra, Manas and Puthimari) नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। अगर ब्रह्मपुत्र नदी की बात करें तो ऊपरी असम के जोरहाट और निचले असम के धुबरी में खतरे के स्तर से ऊपर और सोनितपुर, गोलपारा और डिब्रूगढ़ जिलों में सामान्य से ऊपर बह रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 24 जून के लिए असम के कई जिलों में येलों अलर्ट जारी किया है और कई क्षेत्रों में बारिश की भविष्यवाणी भी की है।























